![]()
समाजवादी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय 23 जुलाई को रामपुर दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वह मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पहुंचकर पिछले पांच दिनों से धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। इसके बाद वह समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी को विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपेंगे। निजी सचिव आरएस यादव की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, माता प्रसाद पाण्डेय सुबह 7 बजे लखनऊ से सड़क मार्ग से रवाना होंगे। सुबह 11 बजे बरेली सर्किट हाउस में अल्प विश्राम के बाद दोपहर 12:30 बजे रामपुर स्थित लोक निर्माण विभाग अतिथि गृह पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। दोपहर 1 बजे वह जौहर विश्वविद्यालय पहुंचेंगे, जहां छात्रों के आंदोलन और उनकी मांगों की जानकारी लेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विश्वविद्यालय के 38 भवनों से जुड़े विवाद और छात्रों की मांगों सहित विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन सौंपने के बाद दोपहर 2 बजे वह रामपुर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे और शाम करीब 7 बजे अपने सरकारी आवास पहुंचेंगे। उनके दौरे को देखते हुए लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, बरेली और रामपुर के प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और वीआईपी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Source link
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद कल जौहर विश्वविद्यालय जाएंगे:छात्रों से मिलकर डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे बैठक