प्रमोद यादव | प्रयागराज4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) में प्रवक्ता (पुरुष/महिला) भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा-2025 का परिणाम जारी कर दिया है। 13 विषयों में हुई इस परीक्षा के तीन विषयों – अर्थशास्त्र, नागरिकशास्त्र और भौतिक विज्ञान – में कुल 4,822 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।
ये अभ्यर्थी अब मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। आयोग इससे पहले दो विषयों के परिणाम भी जारी कर चुका है। यह परीक्षा 14 जून को आयोजित की गई थी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in पर अपना परिणाम देख सकते हैं।
आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने बताया कि नागरिक शास्त्र विषय में कुल 27,366 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 12,211 परीक्षा में उपस्थित हुए। इस विषय में पुरुष वर्ग के 51, महिला वर्ग के 54 और दृष्टिबाधित श्रेणी के 06 पद रिक्त हैं। इसके सापेक्ष मुख्य परीक्षा के लिए कुल 2,323 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।
भौतिक विज्ञान विषय के लिए कुल 19,134 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और 6,679 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। पुरुष वर्ग की 86 और महिला वर्ग की 104 रिक्तियों के सापेक्ष कुल 1,575 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है।
अर्थशास्त्र विषय में 17,828 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और 5,602 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे। इसके अंतर्गत पुरुष वर्ग में 41, महिला वर्ग में 36 तथा स्पर्श दृष्टिबाधित/समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय श्रेणी में 06 रिक्तियां हैं। इन रिक्तियों के सापेक्ष कुल 924 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए औपबंधिक रूप से सफल घोषित किया गया है।
आयोग के सचिव ने यह भी बताया कि निर्धारित न्यूनतम दक्षता मानक अंक प्राप्त न कर पाने के कारण कुछ श्रेणियों में निर्धारित संख्या से कम अभ्यर्थी ही सफल हो पाए हैं।
सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने स्पष्ट किया कि यह परिणाम पूरी तरह से औपबंधिक है। मुख्य परीक्षा के आयोजन की तारीखों और सफल अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन किए जाने की पूरी प्रक्रिया के संबंध में जल्द ही एक अलग प्रेस विज्ञप्ति जारी की जाएगी।
अभ्यर्थियों के व्यक्तिगत प्राप्तांक और श्रेणीवार कट-ऑफ अंक की जानकारी अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद ही आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
