![]()
चित्रकूट में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को चित्रकूट जिले की दोनों विधानसभा सीटों चित्रकूट और मानिकपुर में बूथ स्तरीय सम्मेलन आयोजित किए। जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य के नेतृत्व में हुए इन सम्मेलनों में पार्टी नेताओं ने बूथ संगठन को चुनावी जीत की सबसे मजबूत कड़ी बताते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क बढ़ाने और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। चित्रकूट विधानसभा का सम्मेलन आनंद रिसॉर्ट में, जबकि मानिकपुर विधानसभा का सम्मेलन कालूपुर स्थित मंदाकिनी अतिथि गृह में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उपाध्यक्ष आलोक पाण्डेय ने वंदे मातरम् के गायन के साथ किया। दोनों सम्मेलनों में जिले भर से बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्य अतिथि इन्द्रपाल पटेल ने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही पार्टी की चुनावी सफलता का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर तेजी से नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वच्छता, स्वदेशी और जनसंपर्क अभियानों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा पिछली बार से भी बड़ी जीत दर्ज करेगी। मानिकपुर विधानसभा सम्मेलन में मुख्य अतिथि लवलेश सिंह ने कार्यकर्ताओं से नियमित प्रवास करने और जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे तथ्यों के आधार पर सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं और सकारात्मक वातावरण तैयार करें। पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने बूथ अध्यक्षों को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि चुनावी रणनीति की सफलता बूथ स्तर की सक्रियता पर निर्भर करती है। पूर्व मंत्री चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय ने भाजपा की सामूहिक कार्यशैली को उसकी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। वहीं पूर्व विधायक आनंद शुक्ल ने कहा कि सभी कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ आगामी चुनावों की तैयारियों में जुट जाएं। जिला अध्यक्ष महेंद्र कोटार्य ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाकर संगठन के सभी अभियानों को सफल बनाना है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही भाजपा की विजय का आधार बनेगा। सम्मेलन में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
Source link
चित्रकूट में भाजपा का बूथ सम्मेलन, 2027 फतह का मंत्र:जिलाध्यक्ष ने कहा- बूथ की मजबूती ही जीत की गारंटी, योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान