![]()
उन्नाव में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से ग्राम प्रधान की मौत हो गई। किसी जरूरी काम से बिछिया कस्बे गए मंगलवार शाम बाइक से घर लौट रहे थे। दही चौकी-पुरवा मार्ग पर पीछे से आए डंपर ने उनकी बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह वाहन के नीचे जा फंसे। राहगीरों और पुलिस ने उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन कानपुर के हैलेट अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। जरूरी काम से बिछिया गए थे, घर लौटते वक्त हुआ हादसा पुरवा कोतवाली क्षेत्र के सकरन गांव निवासी 27 वर्षीय धर्मेंद्र राजपूत पुत्र दिनेश राजपूत वर्तमान में सकरन ग्राम पंचायत के प्रधान थे। मंगलवार को वह किसी आवश्यक कार्य से बिछिया कस्बा गए थे। शाम को काम पूरा करने के बाद वह अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। दही चौकी-पुरवा मार्ग पर पहुंचते ही पीछे से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मेंद्र बाइक समेत डंपर के नीचे जा फंसे और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
राहगीरों ने बचाने की कोशिश की हादसा होते ही मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत डंपर को रुकवाया और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी प्रयास के बाद धर्मेंद्र को डंपर के नीचे से बाहर निकाला। उन्हें एंबुलेंस से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिछिया ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें कानपुर के हैलेट अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिवार और समर्थकों का रो-रोकर बुरा हाल ग्राम प्रधान धर्मेंद्र राजपूत की मौत की खबर जैसे ही सकरन गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग, समर्थक और परिचित बड़ी संख्या में अस्पताल और बाद में उनके घर पहुंचने लगे। कम उम्र में ग्राम प्रधान के असमय निधन से ग्रामीणों में गहरा दुख और आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने सड़क पर बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहनों पर नियंत्रण की मांग भी उठाई। डंपर चालक हिरासत में, पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया और वाहन को कब्जे में कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही दुर्घटना का प्रमुख कारण मानी जा रही है।
Source link
उन्नाव में डंपर की टक्कर से ग्राम प्रधान की मौत:तेज टक्कर से वाहन के नीचे फंसकर घिसटे, कानपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम