राहुल-अखिलेश की हिरासत पर सोनभद्र में कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन:सपाईयों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया


प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार देर शाम सोनभद्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रॉबर्ट्सगंज के स्वर्ण जयंती चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव के नेतृत्व में सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ता भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए “मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए। रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी देर शाम तक धरने पर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव को हिरासत में लेने की कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। उन्होंने इसे तानाशाहीपूर्ण कदम करार देते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाने का हर प्रयास विफल होगा और इसका विरोध सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा। जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेकर सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संयुक्त रूप से संघर्ष करती रहेंगी। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई दोहराई गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। धरना स्थल पर काफी देर तक केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी होती रही, जिससे स्वर्ण जयंती चौक पर राजनीतिक हलचल बनी रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार और सीओ सिटी रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस पूरे समय स्थिति पर नजर बनाए रही। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *