झांसी वैगन मरम्मत कारखाने को ग्रीनको गोल्ड रेटिंग मिली:उत्तर मध्य रेलवे का पहला कारखाना, सौर ऊर्जा और हरित तकनीक का सम्मान


उत्तर मध्य रेलवे के झांसी स्थित वैगन मरम्मत कारखाने को भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की प्रतिष्ठित ‘ग्रीनको गोल्ड रेटिंग’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग के क्षेत्र में कारखाने के उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया गया है। झांसी का यह कारखाना उत्तर मध्य रेलवे का पहला और अब तक का एकमात्र कारखाना है जिसे यह रेटिंग मिली है। यह प्रमाण पत्र मंगलवार को उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी ने महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह को सौंपा। इस अवसर पर मुख्यालय के सभी प्रधान विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रीनको रेटिंग प्राप्त करने के कारणों और कारखाने में किए गए पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की गई। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान झांसी वैगन मरम्मत कारखाने की पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने यह भी बताया कि यह उपलब्धि भारतीय रेल के ‘हरित रेल’ अभियान और भारत सरकार के ‘नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। महाप्रबंधक ने आगे कहा कि इस सम्मान से रेलवे कर्मचारियों का उत्साह बढ़ेगा और उन्हें भविष्य में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में और भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। झांसी कारखाने ने कई महत्वपूर्ण पर्यावरणीय पहल की हैं। इनमें 5 मेगावाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करना शामिल है, जो भारतीय रेल के सभी कारखानों में सबसे बड़ा है। यह संयंत्र कारखाने की लगभग 80 से 85 प्रतिशत बिजली की जरूरतों को पूरा करता है। इसके अतिरिक्त, कारखाने में वर्षा जल संचयन की प्रभावी व्यवस्था लागू की गई है और भूजल के उपयोग को लगभग समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। 5 हजार से अधिक पौधों का रोपण, हेरिटेज पार्क का विकास, प्लाज्मा कटिंग, डिजिटल खरीद प्रणाली, स्वचालित ग्रीस फिलिंग मशीन और सौर ऊर्जा से संचालित गार्ड वैन जैसी आधुनिक तकनीकों का भी सफल उपयोग किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में तीनों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक और झांसी वैगन मरम्मत कारखाने के मुख्य कारखाना प्रबंधक अजय श्रीवास्तव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ग्रीनको गोल्ड रेटिंग ऊर्जा बचत, जल संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग, अपशिष्ट प्रबंधन, ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी और पर्यावरण के अनुकूल कार्यप्रणाली जैसे कई मानकों पर मूल्यांकन के बाद दी जाती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *