![]()
चंदौली के धानापुर और बरहनी ब्लॉक के दर्जनों किसानों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात की। उन्होंने धान की बुवाई के सीजन में नहरों से सिंचाई और पानी की कमी का मुद्दा उठाया। किसानों ने जिलाधिकारी को बताया कि नहरों के अंतिम छोर (टेल क्षेत्र) तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे धान की रोपाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। जिलाधिकारी ने तत्काल सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सभी नहरों का मुआयना कर अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने का आदेश दिया। किसान नेता दीनानाथ श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि धानापुर ब्लॉक के अंतिम इलाकों में नहरों का पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिसके कारण किसानों की धान की फसल की बुवाई प्रभावित है। इससे किसानों में गहरा असंतोष है। उन्होंने बताया कि बरहनी क्षेत्र के सीमावर्ती गांवों के किसानों की भी यही स्थिति है। यह क्षेत्र धान की पैदावार के लिए जाना जाता है, लेकिन नहरों में पानी न पहुंचने से किसान धान की बुवाई नहीं कर पा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, जनपद में बिजली कटौती भी किसानों के लिए एक बड़ी समस्या बन गई है। बिजली न होने के कारण किसान अपने निजी नलकूपों से खेतों में पानी भरकर धान की बुवाई नहीं कर पा रहे हैं। कर्मनाशा नदी पर स्थापित लघु डाल विभाग के छोटे कैनाल भी पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण बंद पड़े हैं। किसानों ने जिलाधिकारी को मिलकर इन सभी समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में जल्द सुधार नहीं किया गया, तो किसान आंदोलन करने पर विवश होंगे। इस दौरान किसान अशोक सिंह, शेषनाथ यादव, मुन्ना सिंह, दीनानाथ, रतन सिंह, सुमंत सिंह, गोपाल सहित कई अन्य किसान मौजूद रहे।
Source link
नहरों में पानी न पहुंचने से धान की बुवाई प्रभावित:चंदौली के किसानों ने डीएम से की शिकायत, बिजली कटौती का उठाया मुद्दा