बुलंदशहर में मूसलाधार बारिश, तापमान 11 डिग्री गिरा:धान की फसल को संजीवनी, निचले इलाकों में जलभराव


बुलंदशहर में मौसम ने करवट ली है। मंगलवार देर रात करीब 3 बजे से मूसलाधार बारिश शुरू हुई, जिससे पूरे इलाके का मौसम बदल गया। दिनभर हुई हल्की रिमझिम के बाद हुई इस तेज बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। बारिश के कारण बुलंदशहर का अधिकतम तापमान लगभग 11 डिग्री सेल्सियस गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात में चली ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया।
इस मूसलाधार बारिश से कृषि क्षेत्र को, विशेषकर धान के किसानों को बड़ी राहत मिली है। खेतों में खड़ी सूखती धान की फसल को इस पानी से नया जीवन मिला है। किसानों का कहना है कि यह बारिश धान की फसल के लिए बेहद फायदेमंद साबित हुई है। बारिश का असर केवल शहर तक सीमित नहीं रहा। जिले के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों जैसे अनूपशहर, स्याना, औरंगाबाद, जहाँगीराबाद और शिकारपुर में भी जोरदार बारिश दर्ज की गई। हालांकि, तेज बारिश के कारण शहर और देहात के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को आवाजाही में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. विवेक राज के अनुसार, जिले में अगले तीन दिनों तक इसी प्रकार का मौसम बना रहने की संभावना है और रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *