![]()
गोंडा सदर एसडीएम जितेंद्र गौतम को गोंडा नगर पालिका परिषद के प्रभारी अधिशासी अधिकारी (ईओ) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने रविवार को यह फैसला लिया। यह नियुक्ति पूर्व प्रभारी ईओ विशाल कुमार के गोंडा से सोनभद्र तबादले के बाद की गई है। जितेंद्र गौतम वर्तमान में गोंडा सदर तहसील के एसडीएम पद पर तैनात हैं। अब वे सदर एसडीएम के साथ-साथ गोंडा नगर पालिका के प्रभारी अधिशासी अधिकारी का कार्यभार भी संभालेंगे। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने इस संबंध में निदेशक, नगर विकास विभाग को एक प्रस्ताव भेजा था। लखनऊ स्थित नगर विकास विभाग से इस प्रस्ताव को अनुमति मिल गई है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि गोंडा नगर पालिका में स्थायी अधिशासी अभियंता की तैनाती न होने के कारण पहले एसडीएम विशाल कुमार को प्रभारी ईओ बनाया गया था। उनके तबादले के बाद अब एसडीएम जितेंद्र गौतम को यह अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। एसडीएम जितेंद्र गौतम को एक तेज-तर्रार अधिकारी माना जाता है। कर्नलगंज तहसील में रहते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों में कई कार्रवाई की थीं। गोंडा सदर तहसील में भी वे एसडीएम के पद पर रहते हुए लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। जब तक गोंडा नगर पालिका में कोई स्थायी अधिशासी अभियंता नियुक्त नहीं हो जाता, तब तक जितेंद्र गौतम ही प्रभारी ईओ का कार्यभार संभालेंगे। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे गोंडा नगर पालिका के अधिकारियों, कर्मचारियों और सभासदों के साथ बैठक कर आगामी कार्यों की कार्य योजना तैयार करें। शहर में जल भराव जैसी समस्याओं के समाधान के लिए भी कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
Source link
गोंडा सदर एसडीएम जितेंद्र गौतम बने प्रभारी ईओ:विशाल कुमार के तबादले के बाद डीएम ने सौंपा अतिरिक्त प्रभार