डंपर से किसी की मौत पर होगी एफआईआर:कमिश्नर ने दिया सख्त निर्देश; कहा निर्धारित करें रूट चार्ट


डंपरों से बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए कमिश्नर अनिल ढींगरा ने सख्त रुख अख्तियार किया है। विकास भवन में अधिकारियों, कार्यदायी संस्थाओं और ठेकेदारों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में किसी डंपर से दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मौत होती है तो इस मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही कड़ी कार्रवाई भी होगी। उन्होंने कहा कि जिस कार्यदायी संस्था के काम में उक्त डंपर का संचालन मिलेगा, उसपर भी कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने कहा कि डंपरों की नियमित रूप से जांच कराई जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि वाहन तकनीकी रूप से फिट जरूर हों। उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग, नाबालिक चालक को पाया गया तो केस दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी डंपरों का रूट चार्ट जरूर बनाएं। यह भी तय हो कि कौन सा डंपर कहां से कहां तक संचालित होगा। इस संबंध में अनुमति को गाड़ी के विंड स्क्रीन पर चस्पा करना होगा। किसी भी दशा में निर्धारित मार्ग से इतर कोई डंपर संचालित नहीं होगा। बैठक में उपस्थित डीआईजी एस. चनप्पा ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि डंपरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर ओवरस्पीडिंग, गलत रूट पर संचालन और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
जिलाधिकारी दीपक मीणा कहा कि सभी डंपर निर्धारित रूट पर ही संचालित होंगे। यदि कोई वाहन निर्धारित मार्ग से हटकर अन्य रास्तों पर चलता पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जिसमें ब्लैकलिस्टिंग तक शामिल हो सकती है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा कौस्तुभ ने कहा कि जनपद भर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, जिसमें डंपरों की गति, चालक की योग्यता, वाहन की फिटनेस और रूट परमिट की गहन जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि यह भी चेक करें कि मोबाइल पर बात करते हुए कोई वाहन न चलाए।
बैठक में एडीएम (वित्त) विनीत कुमार सिंह, पीडब्ल्यूडी के नोडल अधिकारी ए.के. सिंह, जिला खनन अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। दुर्घटना स्थलों का निरीक्षण किया कमिश्नर के नेतृत्व में अधिकारी उन स्थानों पर भी पहुंचे, जहां गत दिनों डंपर की चपेट में आकर लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। गुरुवार को जंगल कौड़िया-कालेसर मार्ग पर जमुआड़ गांव के पास डंपर के रौदने से शिक्षक आशुतोष कुमार गुप्ता की मौत हो गई थी। शुक्रवार को वहां कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीआईजी एस चेनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ, संभागीय परिवहन अधिकारी संजय झा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनीत सिंह आदि अधिकारी वहां पहुंचे। इसके बाद दो दिन पहले सिक्टौर में हुई घटना के स्थल पर भी गए। कमिश्नर ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क पर अवैध कट एवं डिवाइडर को तत्काल हटाया जाए। संयुक्त टीम बनाकर जांच की जाए।
उन्होंने कहा कि सड़क पर पथ प्रकाश एवं स्थान-स्थान पर कैमरे भी लगवायें। सड़क पर जो बजरी एवं मिट्टी आदि पड़ी है, जिससे फिसलकर दुर्घटना होती है, उसे जल्द साफ कराने का निर्देश भी दिया। अवैध मिट्टी खनन को रोकने के लिये जिलाधिकारी, गोरखपुर खनन, परिवहन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाये, जो रात्रि में सघन चेकिंग करे। परिहवन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अभियान चलाकर बिना नम्बर प्लेट के डंम्पर को थाने में बन्द कराएं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *