![]()
प्रयागराज में शनिवार को दिशा छात्र संगठन ने सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा कथित रूप से हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। उन्होंने बताया कि सोनम वांगचुक पिछले 20 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण अनशन कर रहे थे। उनकी मांगें मानने के बजाय उन्हें जबरन उठाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने दिल्ली पुलिस और सरकार की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। दिशा छात्र संगठन के संजय ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकार इसे कुचलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने के बाद दिल्ली पुलिस हाईकोर्ट का हवाला दे रही है, जबकि न्यायालय ने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था, न कि उन्हें बलपूर्वक हिरासत में लेने का।
छात्रों ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में सोनम वांगचुक की स्थिति को लेकर चिंतित थी, तो उसे बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए था, न कि अलोकतांत्रिक तरीके से उन्हें हिरासत में लेना चाहिए था। संगठन ने इस कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए देश के सभी न्यायप्रिय नागरिकों से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की है। इस विरोध प्रदर्शन में दिशा छात्र संगठन के संजय, चंद्र प्रकाश, जय, हर्ष, अमन, धोनी, सुहानी, पूजा, आरती, विंदरेश, प्रेमचंद, अधिवक्ता अनीस सहित कई छात्र और कार्यकर्ता शामिल रहे।
Source link
सोनम वांगचुक को उठाए जाने पर छात्रों ने किया प्रदर्शन:राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रयागराज सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा