प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग, दोनों हाथों में लगी गोली:जमीनी विवाद में हुआ हमला, चार आरोपियों पर केस दर्ज


मैनपुरी के घिरोर में शुक्रवार रात जमीनी विवाद को लेकर एक प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग की गई। इस हमले में प्रॉपर्टी डीलर के दोनों हाथों में गोली लगी। पुलिस ने घायल की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घिरोर कस्बा निवासी प्रॉपर्टी डीलर चंद्र प्रताप सिंह चौहान उर्फ चंदन ने पुलिस को बताया कि ब्रजेश यादव और अमन गुप्ता से उनका जमीनी विवाद चल रहा है। करीब एक महीने पहले भी आरोपियों ने उन्हें शिकायतें वापस लेने की धमकी दी थी। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे चंदन घिरोर बाईपास स्थित अपनी प्लॉटिंग पर थे। तभी दो वाहनों से चार लोग वहां पहुंचे। चंदन ने अमन गुप्ता और मोहित गुप्ता को पहचान लिया, जबकि दो अन्य हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी। हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए भागते समय चंदन के दोनों हाथों में गोलियां लगीं।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चंदन को पहले सीएचसी गोधना ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। घायल चंदन ने आरोप लगाया है कि इस हमले की साजिश ब्रजेश यादव ने रची थी और उसी के कहने पर फायरिंग की गई। शनिवार को पुलिस ने चंदन की तहरीर के आधार पर ब्रजेश यादव, अमन गुप्ता, मोहित गुप्ता सहित चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *