प्रयागराज में दो बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त:सोरांव रोड पर पीडीए ने चलाया बुलडोजर अभियान


प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार को सोरांव रोड स्थित उसरही क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस दौरान करीब दो बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई जोन-06 के उपजोन-6ए में की गई। पीडीए अधिकारियों के अनुसार, पहली कार्रवाई में अरबाज अली, अजय कुमार, अरविंद पटेल और नजरुद्दीन सहित अन्य लोगों द्वारा सोरांव रोड पर श्याम हॉस्पिटल और पेट्रोल पंप के सामने विकसित की जा रही करीब एक बीघा अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसी क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लगभग एक बीघा भूमि पर विकसित की जा रही एक और अवैध प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया। इस तरह कुल मिलाकर लगभग दो बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। पीडीए अधिकारियों ने बताया कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लाटिंग नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों के विकासकर्ताओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्राधिकरण ने निर्माणकर्ताओं और डेवलपर्स को निर्देश दिया है कि प्रयागराज विकास प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी विकास कार्य से पहले मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है। बिना अनुमति किए गए निर्माण या प्लाटिंग पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी या बिना स्वीकृति विकसित किए जा रहे भूखंड की खरीद-फरोख्त से बचें। जमीन खरीदने से पहले उसकी वैधता और पीडीए से स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *