सहारनपुर में पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी क्षेत्र से होकर बहने वाली नदी अचानक उफान पर आ गई। कुछ ही देर में जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाला। लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कर लोगों को नदी किनारे और पानी वाले क्षेत्रों से हटाया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। सूचना मिलते ही बेहट क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रिया यादव, तहसीलदार और मिर्जापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नदी किनारे और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर पुलिस, राजस्व और अन्य विभागों की टीमों को समन्वय के साथ राहत एवं सुरक्षा कार्य करने के निर्देश दिए। पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मी लगातार नदी किनारे गश्त करते रहे और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। पुलिस ने लोगों को तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करने की सलाह दी। वहीं प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक नदी में उतरने या तेज बहाव वाले स्थानों के पास जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। मौसम विभाग की ओर से बारिश की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि हालात पूरी तरह सामान्य होने तक राहत और सुरक्षा टीमें मौके पर तैनात रहेंगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम जारी रहेंगे।
Source link
सहारनपुर में शाकम्भरी देवी में उफान पर आई नदी:पुलिस ने लाउडस्पीकर से श्रद्धालुओं को हटाया; अतिरिक्त फोर्स तैनात, टला बड़ा हादसा