![]()
मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरबालियान में बिजली बिल को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बड़ा बवाल बन गया। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे विद्युत विभाग की टीम और ग्राम प्रधान पक्ष के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष मंसूरपुर थाने पहुंच गए, जहां भी काफी देर तक कहासुनी और हंगामे का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग की टीम गांव में बिजली बिल वसूली और संबंधित कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान ग्राम प्रधान पक्ष और विभागीय अधिकारियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मौके पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद मारपीट शुरू हो गई। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कुछ लोग जेई के दौड़ा दौड़ा कर पीट रहे हैं, जबकि जेई जान बचाकर भागता हुआ दिखाई पड़ रहा है। हालांकि, ग्राम प्रधान ने विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) मोहर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं विद्युत विभाग की ओर से भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष मंसूरपुर थाने पहुंचे, जहां भी माहौल तनावपूर्ण बना रहा। जेई की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ग्राम प्रधान को थाने ले आई। घटना की सूचना मिलते ही भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए। भाकियू ने जेई मोहर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में धरना दे दिया। संगठन का आरोप है कि ग्राम प्रधान के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। हंगामे के बीच पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई की और ग्राम प्रधान के पति को हिरासत में ले लिया। इसके बाद भाकियू कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। उन्होंने हिरासत का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो के आधार पर भी घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मुजफ्फरनगर में बिजली का बिल बना बवाल, VIDEO:जेई और ग्राम प्रधान आमने-सामने, थाने तक पहुंचा विवाद; भाकियू ने खोला मोर्चा