![]()
आगरा में विकास की रफ्तार तेज करने को लेकर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सांसद राजकुमार चाहर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल मौजूद रहे। बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में आगरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहर बनाने के लिए कई बड़े प्रस्ताव सामने आए। सांसद राजकुमार चाहर ने अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगरा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं, इसलिए विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का विकास जरूरी है। स्टेडियम के लिए महुअर स्थित लेदर पार्क या एत्मादपुर क्षेत्र में भूमि चिन्हित करने का सुझाव दिया गया। इसके साथ ही शहर में किसानों की सुविधा के लिए केंद्रीय स्थान पर किसान भवन बनाने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। सांसद ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि इसके लिए सहयोग को तैयार हैं। भविष्य की पेयजल समस्या को देखते हुए यमुना पर बैराज निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया और शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी के निर्देश दिए गए। बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर उनका सौंदर्यीकरण कर अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने पर बल दिया गया। साथ ही प्राचीन नहर प्रणाली को चिन्हित कर उसे अतिक्रमण से मुक्त कर पुनर्जीवित करने और उसका सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश भी दिए गए। केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने ग्राम पंचायतों को अपने संसाधनों से बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन और मैरिज हॉल बनाने के लिए प्रेरित किया, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सामाजिक कार्यक्रमों में सुविधा मिल सके। उन्होंने हरीपर्वत-सेंट जॉन्स कॉलेज रेलवे पुल के चौड़ीकरण और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नई सड़कों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने पेयजल संकट, जलभराव, सड़कों की मरम्मत, गड्ढामुक्त अभियान, नालों की सफाई, अवैध बस ठहराव, केंद्रीय विद्यालय की स्थापना और बस स्टेशन निर्माण जैसे मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी मनीष बंसल, नगरायुक्त संतोष वैश्य, सीडीओ प्रतिभा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं—प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, अमृत योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन समेत कई योजनाओं की समीक्षा की।
Source link
दिशा बैठक में शहर के विकास के लिए हुआ मंथन:अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के लिए महुअर-एत्मादपुर में जमीन तलाशने का सुझाव