दूसरी शादी की जिद में प्रेमिका को गोली मारी:मेरठ में आरोपी की 10 महीने पहले हुई थी शादी, 24 घंटे बाद भी फरार


मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक शादीशुदा युवक ने दूसरी शादी का दबाव बनाने के लिए अपनी प्रेमिका को सड़क पर रोककर पहले मारपीट की और फिर गोली मार दी। युवती के कान के पास सिर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस 24 घंटे बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस के अनुसार, गड्ढे वाली मस्जिद निवासी कैफ उर्फ बल्लू की शादी लगभग दस महीने पहले उसकी मामा की बेटी से हुई थी। शादी के बावजूद उसका एक युवती से प्रेम संबंध बना रहा। आरोप है कि कैफ लगातार अपनी प्रेमिका पर दूसरी शादी करने का दबाव बना रहा था, जिसे युवती ने मानने से इनकार कर दिया था। गुरुवार रात आरोपी कैफ ने दिल्ली रोड पर युवती का पीछा करना शुरू किया। अंजुम पैलेस के पास उसने युवती की बाइक रुकवाई और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। युवती के विरोध करने पर कैफ ने तमंचा निकालकर दो गोलियां चलाईं। पहली गोली चूक गई, लेकिन दूसरी गोली युवती के सिर के पास कान के नजदीक जा लगी। गोली लगते ही युवती सड़क पर गिर पड़ी। उसके साथ मौजूद सहेली और उसके पति ने किसी तरह अपनी जान बचाई। राहगीरों की मदद से घायल युवती को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। घायल युवती का उपचार जारी है और उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। परिजनों की मुलाकात भी सीमित कर दी गई है। पुलिस अस्पताल आने-जाने वाले लोगों पर भी कड़ी नजर रख रही है। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर आरोपी कैफ के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में युवती का इलाज चल रहा है, जबकि आरोपी अभी भी फरार है। 24 घंटे बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर आरोपी
दिनदहाड़े जैसी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैफ फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
थाना प्रभारी दलवीर सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *