सोनभद्र में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर:बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत, ससुराल से वापस लौट रहे थे


सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात ग्राम हीराचक बैगा धाम के समीप एनएच-39 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हीराचक बस्ती से अपने गांव लौट रहे बाइक सवार युवकों को विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना प्रभारी निरीक्षक रविकांत मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों की पहचान अखिलेश कुमार (35) पुत्र शिवप्रसाद और अंकुर (25) पुत्र छट्ठू, दोनों निवासी देवड़ी के रूप में की और दोनो एक ही गाँव के रहने वाले थे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि अखिलेश कुमार अपने ससुराल आए हुए थे और वहीं से वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक छा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बैगा धाम के आगे मुख्य सड़क किनारे लगे महुआ के पेड़ों वाले क्षेत्र में पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उनका कहना है कि यह स्थान दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुका है, जहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। इस असामयिक घटना से पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *