मुरादाबाद-नैनीताल हाईवे पर दिखा तेंदुए का शावक:ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग से निगरानी की मांग


मुरादाबाद-नैनीताल हाईवे पर देर रात एक तेंदुए का शावक दिखाई दिया। ठाकुरद्वारा तहसील के नाखूनका गांव के पास सड़क किनारे खड़े इस शावक का वीडियो एक ट्रक चालक ने रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार, हाईवे से गुजर रहे ट्रक चालक ने सड़क किनारे दो तेंदुए के शावक देखे। चालक के वाहन रोकते ही एक शावक जंगल की ओर भाग गया, जबकि दूसरा सड़क किनारे ही खड़ा रहा। उसे देखकर ऐसा लग रहा था कि वह घायल है या सामान्य रूप से चल-फिर नहीं पा रहा था। चालक ने कुछ देर रुककर स्थिति का जायजा लिया। उसने सावधानीपूर्वक शावक को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान की ओर कर दिया, ताकि वह किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में न आ जाए। इसके बाद चालक वहां से रवाना हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। मुरादाबाद और आसपास के वन क्षेत्रों से सटे इलाकों में पहले भी तेंदुए दिखाई देने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शावक आसपास है, तो उसकी मां भी वहीं हो सकती है, जिससे लोगों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, शावक की तलाश कर उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने और लोगों को सतर्क करने की मांग की है। हालांकि, इस संबंध में वन विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान सामने नहीं आया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *