कौशांबी में गंगा का जलस्तर 6 फीट बढ़ा:कड़ा धाम का आरती स्थल डूबा, प्रशासन से सतर्कता की मांग


कौशांबी के शक्तिपीठ कड़ा धाम में शुक्रवार को गंगा नदी का जलस्तर लगभग 6 फीट बढ़ गया। इस वृद्धि के कारण घाट पर बना आरती स्थल पूरी तरह जलमग्न हो गया। घाट किनारे पुरोहितों द्वारा रखी गई तख्त, चौकियां और अन्य सामग्री भी पानी में घिर गईं, जिन्हें सुबह सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया। घाट के पुरोहित पंडित प्रमोद पांडेय और गोताखोर मकबूल अहमद ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कौशांबी में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से घाट की सीढ़ियों पर विशेष बैरिकेडिंग लगाने की मांग की है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को गहरे पानी में फिसलने से रोकना और किसी भी दुर्घटना को टालना है। गोताखोर मकबूल अहमद ने जानकारी दी कि उनकी टीम लगातार घाट पर निगरानी कर रही है और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान के लिए सतर्क कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश जारी रहती है, तो आने वाले दिनों में गंगा का जलस्तर और बढ़ सकता है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सिराथू तहसील प्रशासन और पुलिस टीम के साथ बाढ़ चौकियां भी गंगा घाटों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। थाना प्रभारी कड़ा धाम, विनीत सिंह ने श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *