अयोध्या में 225 अन्नपूर्णा भवन बनेंगे:7.52 करोड़ रुपये खर्च होंगे, लाभार्थियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं


जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को मजबूत करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 तक 225 अन्नपूर्णा मॉडल उचित दर दुकानें (अन्नपूर्णा भवन) बनाई जाएंगी। इन पर कुल 7.52 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें से 150 भवन खाद्य एवं रसद विभाग के बजट से और 75 भवन मनरेगा के तहत निर्मित किए जाएंगे। निर्माण कार्य जिले की सभी पांच तहसीलों में होगा। प्रत्येक तहसील में विभागीय बजट से 30 और मनरेगा के तहत 15 भवन विकसित किए जाएंगे। मिल्कीपुर तहसील में सर्वाधिक 46 अन्नपूर्णा भवन बनाने का प्रस्ताव है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, इन भवनों का निर्माण मनरेगा के अतिरिक्त राज्य वित्त आयोग, सांसद निधि, विधायक निधि, पूर्वांचल विकास निधि, बुंदेलखंड विकास निधि और अन्य राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं से भी किया जा सकेगा। जहां इन योजनाओं से धनराशि उपलब्ध नहीं होगी, वहां विभाग अपने बजट का उपयोग करेगा। खाद्य एवं रसद विभाग ने अब तक 89 भवनों के लिए भूमि चिह्नांकन का कार्य पूरा कर लिया है। इन आधुनिक भवनों में खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण, व्यवस्थित वितरण और पारदर्शी व्यवस्था की सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। इससे पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न का वितरण अधिक सुगम और प्रभावी होगा। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में एकल अन्नपूर्णा भवन बनाए जाएंगे, जबकि शहरी क्षेत्रों में दो से पांच भवनों के क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि इन भवनों के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जाए। जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा ने शुक्रवार 17 जुलाई को बताया कि भूमि चिह्नांकन का कार्य तेजी से पूरा किया गया है और निर्माण प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। इससे जिले में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीण तथा शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी। अधिकारियों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 के भीतर भवनों को पूरा करने का प्रयास रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *