रामपुर में भूगर्भ जल सप्ताह शुरू:डीएम ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाई, जनआंदोलन बनाने का आह्वान


रामपुर में भूगर्भ जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से गुरुवार से 22 जुलाई तक भूगर्भ जल सप्ताह का शुभारंभ हो गया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट परिसर से जन-जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर इस अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि भूजल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अभी से जल संरक्षण के प्रभावी उपाय नहीं अपनाए गए तो भविष्य में जल संकट और गंभीर हो सकता है। जिलाधिकारी ने बताया कि 16 से 22 जुलाई तक जनपद की ग्राम पंचायतों, विकासखंडों, नगर निकायों और जिला स्तर पर जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को भूजल संवर्धन, जल स्रोतों के संरक्षण और जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करना है। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र की अध्यक्षता में जल संरक्षण शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने जल बचाने का संकल्प लिया। भूगर्भ जल सप्ताह के पहले और दूसरे दिन ग्राम पंचायतों में चिन्हित जल निकायों के पुनर्जीवन के लिए श्रमदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, पेयजल एवं स्वच्छता समितियों की बैठकें, जल संरक्षण रैलियां, सरकारी भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर स्लोगन व दीवार लेखन जैसे कार्यक्रम होंगे। वर्षा जल संचयन स्थलों की पहचान, जल स्रोतों के आसपास पौधरोपण तथा सार्वजनिक और निजी परिसरों में रिचार्ज पिट निर्माण की शुरुआत भी की जाएगी। नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई जाएगी। इस अभियान में पंचायती राज, ग्राम्य विकास, भूगर्भ जल, कृषि, राजस्व, स्वास्थ्य, जल निगम, शिक्षा, उद्यान, वन एवं पर्यावरण विभाग सहित स्वयं सहायता समूह, युवक मंगल दल, महिला मंगल दल और ग्राम प्रधान सक्रिय भागीदारी करेंगे। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और “जल है तो कल है” के संदेश को अपनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण सुनिश्चित करें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *