![]()
सुल्तानपुर। मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में आजमगढ़ के एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के पिता ने मोतिगरपुर थाने में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने एक युवती और उसके परिवार पर बेटे को ब्लैकमेल करने तथा साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। आजमगढ़ के लालगंज थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी देवसरन राम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र कुलदीप का शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों के अनुसार, 15 जुलाई को सुल्तानपुर के आलापुर निवासी आरती (पुत्री शीला देवी, पत्नी छोटेलाल) ने फोन कर कुलदीप द्वारा फांसी लगाने की सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे मृतक के पिता, ग्राम प्रधान और अन्य ग्रामीण मोतिगरपुर थाने पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि कुलदीप का मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी सामान आरती के पास है। उन्होंने पुलिस से सभी सामान बरामद कराने और पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की है। 2024 में हुआ था समझौता मामले से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, 9 जून 2024 को कुलदीप और आरती घर से चले गए थे और विजेथुआ मंदिर के पास शादी करने की तैयारी में थे। उस समय दोनों पक्षों और गवाहों की मौजूदगी में समझौता हुआ था। चूंकि युवती नाबालिग थी, इसलिए तय किया गया कि उसके 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक दोनों अपने-अपने घरों में रहेंगे और बालिग होने के बाद ही विवाह पर निर्णय लिया जाएगा। लड़की पक्ष ने उस समय लड़के के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई न करने की बात भी लिखित रूप में स्वीकार की थी। पिता ने लगाए गंभीर आरोप देवसरन राम का आरोप है कि उनका बेटा जिस स्थान पर काम करता था, वहीं युवती और उसकी मां भी काम करती थीं। उनके अनुसार, दोनों कुलदीप को लगातार ब्लैकमेल कर उससे पैसे लेते थे। उन्होंने दावा किया कि कुलदीप की अधिकांश कमाई उन्हीं के पास चली जाती थी, जिससे उसके पास घर का बिजली बिल जमा करने और गैस सिलेंडर भरवाने तक के पैसे नहीं बचते थे। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि समझौते के बावजूद युवती का परिवार उसे बार-बार दिल्ली भेजता रहा। हाल ही में भी युवती दिल्ली पहुंची थी, जहां फैक्ट्री मालिक के हस्तक्षेप के बाद उसे वापस घर भेजा गया। कुलदीप उसे छोड़ने आया था और फिर दिल्ली लौट गया था। उन्होंने युवती के शराब पीने का भी आरोप लगाया है। पुलिस हर पहलू की कर रही जांच फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश या आपराधिक कारण है। पुलिस का कहना है कि तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सुल्तानपुर में आजमगढ़ के युवक का लटका मिला शव:पिता ने लड़की पर ब्लैकमेलिंग और साजिश का लगाया आरोप