महिला की हत्या कर शव फंदे से लटकाया:पति समेत 4 पर दहेज हत्या का केस, 2 साल पहले हुई थी शादी


सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र के जिगिनिया गांव में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे एक विवाहिता की घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पीलीभीत जनपद के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गुड़िया हुलास गांव निवासी अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्होंने करीब दो वर्ष पूर्व वर्ष 2024 में अपनी पुत्री निशा देवी उर्फ नीतू का विवाह पिसावां थाना क्षेत्र के जिगिनिया गांव निवासी विनीत पांडेय से किया था। विवाह के समय अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज भी दिया गया था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही पति विनीत पांडेय, सास सीमा देवी और ससुर सत्यप्रकाश पांडेय अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर नीतू का उत्पीड़न करने लगे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कई बार दोनों परिवारों के बीच समझौते के प्रयास हुए, लेकिन प्रताड़ना नहीं रुकी। मृतका की ननद डोली उर्फ भूरा पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिजनों का कहना है कि गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर जब वे जिगिनिया गांव पहुंचे तो नीतू का शव घर के अंदर पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान होने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।सूचना पर थानाध्यक्ष प्रभात गुप्ता पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति विनीत पांडेय, सास सीमा देवी, ससुर सत्यप्रकाश पांडेय और ननद डोली उर्फ भूरा के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *