पिकअप की टक्कर से किसान की मौत:शाहजहांपुर में ट्रैक्टर पर त्रिपाल डालते समय हुआ हादसा


शाहजहांपुर के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर त्रिपाल डालते समय एक तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल किसान ने फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक किसान की पहचान फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के नगला घाघ, बिलालपुर निवासी 73 वर्षीय राजाराम के रूप में हुई है। वह अपने बेटे सुरजीत के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से मक्का बेचने जलालाबाद मंडी जा रहे थे। शाहजहांपुर के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में पहुंचने पर बूंदाबांदी शुरू हो गई।

मक्का भीगने से बचाने के लिए राजाराम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी कर दी और त्रिपाल डालने लगे। इसी दौरान फर्रुखाबाद की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजाराम करीब 7-8 फीट दूर जा गिरे और उनका एक पैर बुरी तरह कुचल गया। गंभीर हालत में बेटे सुरजीत ने उन्हें फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां गुरुवार सुबह 6 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर थाना पुलिस को सूचना दी है। मृतक राजाराम के तीन बेटे हैं। बेटे सुरजीत ने बताया कि उन्होंने मक्का की फसल बटाई पर की थी, जिसे बेचने के लिए वे मंडी जा रहे थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *