नींद की एक झपकी बनी काल:यमुना एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसे में बाइक सवार की मौत


मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार दोपहर12 बजे एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार बाइक चला रहे युवक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। यह हादसा थाना नौहझील क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर आगरा से नोएडा जाने वाली लेन में माइल स्टोन संख्या 75 के पास हुआ। बाइक डिवाइडर और सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम और बाजना कट चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। मृतक की पहचान फिरोजाबाद के थाना खैरगढ़ स्थित गांव शेरपुर निवासी सोनवीर पुत्र अवधेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि बाइक चलाते समय नींद की झपकी आने के कारण सोनवीर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि एक्सप्रेस-वे पर सफर के दौरान पूरी तरह सतर्क रहें और थकान या नींद महसूस होने पर यात्रा जारी न रखें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *