लखनऊ के चारों ओर बनेंगे 5 हाईटेक इंटरचेंज,:680 करोड़ से सुधरेगा ट्रैफिक; एक्सप्रेसवे-रिंग रोड पर बिना रुके दौड़ेंगे वाहन


लखनऊ और आसपास के जिलों की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लखनऊ के चारों ओर पांच आधुनिक इंटरचेंज (फ्लाईओवर जैसे जंक्शन) बनाए जाएंगे। इन परियोजनाओं पर करीब 680 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रस्ताव यूपी स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) योजना में शामिल किया गया है, जिसे एनएचएआई और यूपीडा की भागीदारी से पीपीपी मॉडल पर विकसित करने की तैयारी है। योजना के तहत ऐसे जंक्शन बनाए जाएंगे, जहां वाहन बिना किसी सिग्नल या क्रॉस ट्रैफिक के सीधे एक हाईवे या एक्सप्रेसवे से दूसरे मार्ग पर जा सकेंगे। इससे लखनऊ, कानपुर, सीतापुर और बाराबंकी की ओर सफर तेज और सुगम होगा। साथ ही बार-बार रुकने से होने वाली ईंधन की खपत कम होगी और सड़क हादसों में भी कमी आने की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा समय में कई हाईवे और एक्सप्रेसवे के कट-पॉइंट पर वाहनों की क्रॉसिंग के कारण रोजाना लंबा जाम लगता है। नए इंटरचेंज बनने के बाद यह समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। परियोजना को दो चरणों में पूरा करने की योजना है। इससे राजधानी को एक बड़े लॉजिस्टिक और ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने में भी मदद मिलेगी। लखनऊ विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि एससीआर योजना के तहत राजधानी की यातायात व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए पांच इंटरचेंज प्रस्तावित किए गए हैं। इस संबंध में शासन स्तर पर प्रेजेंटेशन भी दिया जा चुका है। कहां बनेंगे इंटरचेंज क्लोवरलीफ इंटरचेंज – गंगा एक्सप्रेसवे और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के जंक्शन पर (सराय कटियान के पास) ट्रम्पेट इंटरचेंज – एनएच-27 और एनएच-727एच के जंक्शन पर (अमेठी/सलेमपुर रोड) ट्रम्पेट इंटरचेंज – एनएच-30 और एसएच-38 के जंक्शन पर (भैंसामऊ) डायमंड इंटरचेंज – आउटर रिंग रोड और एनएच-731 के जंक्शन पर (बाराबंकी सिविल लाइंस) पार्शियल क्लोवरलीफ इंटरचेंज – आउटर रिंग रोड और एनएच-30 (सीतापुर मार्ग) के जंक्शन पर (सवाईया तिराहा)

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *