![]()
मेरठ के सरधना कस्बे में बिनौली रोड स्थित एक फर्नीचर शोरूम और उससे जुड़े गोदाम में बुधवार सुबह करीब 8 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने ग्राउंड फ्लोर से लेकर दूसरी मंजिल तक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। शोरूम में रखा भारी मात्रा में फर्नीचर, लकड़ी, प्लाई और अन्य सामान आग की चपेट में आ गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आस-पास की दुकानों तक फैलने का खतरा बढ़ गया था, हालांकि दमकल कर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की तीन गाड़ियों ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझाने के अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस आगजनी में करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। शोरूम में रखा अधिकांश फर्नीचर जलकर राख हो गया, और भवन को भी काफी क्षति पहुंची है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने सरधना क्षेत्र में स्थायी फायर स्टेशन न होने और दमकल गाड़ियों के देरी से पहुंचने पर नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाता तो नुकसान काफी हद तक कम किया जा सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
Source link
मेरठ में फर्नीचर शोरूम-गोदाम में भीषण आग:दो घंटे में काबू पाया, एक करोड़ का नुकसान