VIDEO कॉल के शक में पत्नी की हत्या:सिद्धार्थनगर में 42 दिन की दुल्हन को ईंट से कूचकर मारा, 6 फीट गड्ढा खोदकर दफनाया


सिर्फ 42 दिन पहले जिस घर में निकाह के बाद नई जिंदगी की शुरुआत हुई थी, उसी घर के कमरे की मिट्टी मंगलवार शाम खोदी गई तो छह फीट नीचे नवविवाहिता मुफीदुन का शव मिला। आरोपी पति शमशेर ने पूछताछ में पत्नी की हत्या करने और शव कमरे में दफनाने की बात कबूल की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह, आरोपी के दावों और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि वैज्ञानिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर की जाएगी। मामले में मृतका की मां की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा भी दर्ज किया गया है। नासिक में हुई थी मुलाकात, 42 दिन पहले हुआ निकाह मृतका मुफीदुन संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के दसहवां गांव निवासी मजहर और तस्नीबुन्निशा की बेटी थी। उसका परिवार महाराष्ट्र के नासिक में कबाड़ का कारोबार करता है। वहीं मजदूरी करने वाले शमशेर से उसकी मुलाकात हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और परिवारों की सहमति के बाद एक जून को डुमरियागंज में दोनों का निकाह हुआ। शादी के बाद मुफीदुन अपने पति के साथ चक मझारी गांव स्थित ससुराल में रहने लगी। परिवार को उम्मीद थी कि प्रेम विवाह के बाद दोनों खुशहाल जीवन बिताएंगे, लेकिन डेढ़ महीने के भीतर ही यह रिश्ता खौफनाक हत्याकांड में बदल गया। वीडियो कॉल देख भड़का पति, गला दबाने के बाद ईंट से किया हमला पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में शमशेर ने बताया कि घटना वाले दिन जब वह घर पहुंचा तो उसकी पत्नी किसी युवक से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने दावा किया कि गुस्से में उसने पहले पत्नी का गला दबाया और फिर ईंट से उसके सिर पर वार कर दिया। चोटों के कारण मुफीदुन की मौत हो गई। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए यह स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है कि मौत की वास्तविक वजह क्या थी और शरीर पर कितनी चोटें थीं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के कथित बयान की पुष्टि उपलब्ध साक्ष्यों और फोरेंसिक जांच के आधार पर ही की जाएगी। हत्या के बाद कमरे में खोदा छह फीट गहरा गड्ढा पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने घर के कमरे में करीब छह फीट गहरा गड्ढा खोदा और उसी में पत्नी के शव को दफनाकर ऊपर से मिट्टी डाल दी। घटना के समय उसके माता-पिता घर पर नहीं थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शव दफनाने में आरोपी अकेला था या किसी और ने उसकी मदद की। मृतका की मां तस्नीबुन्निशा ने बताया कि 12 जुलाई को शमशेर ने फोन कर कहा था, तुम्हारी बेटी को मारकर गाड़ दिया है। शुरुआत में उन्होंने इसे मजाक समझा, लेकिन जब बेटी से संपर्क नहीं हुआ तो शक गहरा गया। हैरानी की बात यह रही कि अगले दिन यानी 13 जुलाई को शमशेर खुद डुमरियागंज थाने पहुंचा और पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश करने लगा। इसी घटनाक्रम ने मृतका के परिजनों के संदेह को और मजबूत कर दिया।

नई खुदी मिट्टी से खुला राज 14 जुलाई को मृतका की मां की शिकायत के बाद पुलिस सक्रिय हुई। मंगलवार शाम सीओ डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा, नायब तहसीलदार और पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची। तलाशी के दौरान कमरे में नई खुदी हुई मिट्टी दिखाई दी। अधिकारियों की मौजूदगी में खुदाई कराई गई तो करीब छह फीट नीचे से मुफीदुन का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की मां ने पति शमशेर, उसके पिता नीबर और मां पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, पुलिस आरोपी के कथित वीडियो कॉल वाले दावे की भी जांच कर रही है। इसके लिए दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा सकती है। पुलिस के सामने अब कई सवाल हैं—हत्या किस समय हुई, शव को दफनाने में कितना समय लगा, क्या आरोपी अकेला था और सास को फोन करने के बाद गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश क्यों की गई? सीओ बृजेश कुमार वर्मा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *