![]()
गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र के बेतियाहाता स्थित पानी की टंकी परिसर में बुधवार सुबह करीब 9 बजे नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में एक संविदा कर्मी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दो पहले संविदाकर्मी ने लव मैरिज की थी। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजन इसे हत्या बता रहे हैं, जबकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान गीडा के नौसड़ निवासी मुकेश पासवान (20) पुत्र मनोज पासवान के रूप में हुई है। वह नगर निगम में संविदा पर वाहन चालक के रूप में कार्यरत था। बुधवार सुबह उसकी ड्यूटी वाली कूड़ा उठाने वाली गाड़ी बेतियाहाता स्थित पानी की टंकी परिसर में खड़ी मिली। गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर मुकेश का शव पेड़ से बंधी रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना डायल-112 पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। दूसरी जाति की लड़की से की थी शादी
परिजनों के मुताबिक, मुकेश ने करीब दो महीने पहले पड़ोस के गांव की दूसरी जाति की युवती राधा निषाद से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से दोनों परिवार नाराज थे। पारिवारिक विरोध के चलते मुकेश अपनी पत्नी के साथ गोरखपुर शहर में किराए के मकान में रह रहा था।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पत्नी पति का शव देखकर बेसुध हो गई। पुलिस उससे भी पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि शादी के बाद दंपती को किसी प्रकार की परेशानी या धमकी का सामना करना पड़ा था या नहीं।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Source link
लव मैरिज करने वाले नगर निगम कर्मी की लाश मिली:पेड़ में रस्सी बांधकर गले में फंसाया, फिर मैजिक चलाई…दर्दनाक मौत