प्रयागराज में पहाड़ पर प्लाटिंग का करोड़ों का खेल:पहाड़ी सिटी बसाने के नाम 83 बीघा सरकारी पहाड़ पर कब्जा, लखनऊ तक हड़कंप


प्रयागराज में पहाड़ काटकर प्लाटिंग कर करोड़ों रुपये कमाने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। संगम नगरी के यमुनापार का बहुत सारा इलाका पहाड़ी क्षेत्र है। ये पहाड़ी इलाके आगे जाकर रीवां, सेहागी पहाड़ी से मिलते हैं। भू माफियाओं की काली नजर पहाड़ी भूमि पर प्लाटिंग और पहाड़ी सिटी बनाने पर पड़ी। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से गोलमाल शुरू हुआ। लालापुर थाना क्षेत्र के गोल्हैया गांव स्थित करीब 83 बीघा सार्वजनिक खाते की सरकारी पहाड़ भूमि पर भू माफियाओं ने अवैध प्लॉटिंग शुरू कर दी। कंटीले तार, पिलर, खंभे गाड़े जाने लगे। लोकेशन की वजह से रेट चढ़ने लगे। पहाड़ पर प्लाटिंग की शिकायत से हंगामा खड़ा हो गया। लेखपाल प्राची सिंह की तहरीर पर एके ड्रीम सिटी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक समेत 19 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू हुई है। एफआईआर में भाजपा के ग्राम प्रधान भी पहले नंबर पर है। मामले में किसानों के बयान दर्ज हो रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक टीम पहाड़ी सिटी को लेकर पूछताछ कर रही है। जानिये क्या है मामला लालापुर के गोल्हैया गांव में स्थित सरकारी पहाड़ भूमि पर अचानक से अवैध कब्जे और प्लॉटिंग शुरू की गई। मामला लखनऊ तक पहुंचा। इसके बाद अपर मुख्य सचिव गृह गोपन वीजा पासपोर्ट एवं सतर्कता विभाग उप्र शासन की ओर से पत्र जारी कर कार्रवाई के लिए कहा गया। शिकायत के बाद उप जिलाधिकारी बारा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम जांच को पहुंची। मौका मुआयना कर विस्तृत निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि सार्वजनिक उपयोग के लिए दर्ज सरकारी पहाड़ की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर प्लॉट काटे जा रहे थे और भूमि का स्वरूप बदलने का प्रयास किया जा रहा था। इसके बाद लेखपाल प्राची सिंह ने लालापुर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। एफआईआर में एके ड्रीम सिटी प्रा. लि. के निदेशक नीरज कुमार कुशवाहा निवासी कनिहार हेतापुर झूंसी समेत 19 लोगों को आरोपी बनाया गया। ये हुए नामजद शंकरलाल पाण्डेय निवासी लालापुर, राजनाथ निवासी पूरा फतेह नैनी, बृजेश नाथ निवासी नैनी, उमेश नाथ नैनी, रेखा तिवारी नैनी, कमलेश तिवारी नैनी, रत्नेश तिवारी नैनी, प्रभात कुमार लालापुर, रामदेव लालापुर, सुखदेव लालापुर, जयदेव लालापुर, जगदेव लालापुर, सचिन लालापुर, पीयूष लालापुर, अनीता लालापुर, नीरज कुमार कुशवाहा झूसी, आनंद मिश्रा ठाणे, महाराष्ट्र, पूनम मिश्रा ठाणे, महाराष्ट्र। भाजपा ग्राम प्रधान सबसे ऊपर एफआईआर में पहले नंबर पर शंकरलाल पांडेय का नाम दर्ज है। आरोपी शंकरलाल भटपुरा गांव का भाजपा का ग्राम प्रधान है। उसकी भाजपा के तमाम नेताओं के साथ्रा तस्वीरें हैं। शंकरलाल लंबे वक्त से भाजपा युवा मोर्चा से जुड़ा रहा। भाजपा में उसे कई पद मिले।
क्या बोले अधिकारी सहायक पुलिस आयुक्त बारा वेदब्यास मिश्रा का कहना है कि राजस्व विभाग की रिेपोर्ट और लेखपाल की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सरकारी पहाड़ भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस सभी तथ्यों की गहन जांच कर रही है। किसानों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी लालपाुर अनुभव सिंह पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंच काम पूरी तरह बंद करा दिया है। अब पहाड़ी भूमि पुलिस की निगरानी में है। नामजद लोगों से पूछताछ की तैयारी है। आसपास के लोगों के बयान दर्ज हुए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *