![]()
प्रयागराज में प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैय्या) विश्वविद्यालय, का 9वां दीक्षांत समारोह 16 जुलाई को नैनी स्थित विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 के मेधावी छात्र-छात्राओं को उपाधि, पदक और सम्मान प्रदान किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष कुल 238 पदक दिए जाएंगे। इनमें 1 चांसलर मेडल, 71 स्वर्ण पदक, 79 रजत पदक और 87 कांस्य पदक शामिल हैं। इस वर्ष का सबसे प्रतिष्ठित चांसलर मेडल एमएससी जूलॉजी की छात्रा शिप्रा यादव को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रदान किया जाएगा। विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में बीबीए, बीसीए, बीए, बीकॉम, एलएलबी, बीएड, एमएसडब्ल्यू, एमए, एमकॉम, एमएससी, कृषि तथा अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। विश्वविद्यालय परिसर के साथ-साथ संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सम्मान सूची में जगह बनाई है। विश्वविद्यालय के सूचना अधिकारी ने बताया कि इस बार भी स्वर्ण पदक विजेताओं में छात्राओं की संख्या अधिक है। यह विश्वविद्यालय में छात्राओं की लगातार बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियों और बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। दीक्षांत समारोह में डिग्री और पदक वितरण के अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र भी दिए जाएंगे। कार्यक्रम में अतिथियों के प्रेरक संबोधन, विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। परिसर की सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बताया कि यह समारोह विद्यार्थियों के लिए उनके शैक्षणिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा, जहां उन्हें उनकी मेहनत और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
Source link
प्रयागराज में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी 238 मेधावियों का सम्मान:रज्जू भैया विश्वविद्यालय में 16 जुलाई को 9वां दीक्षांत समारोह