मऊ प्रशासन बाढ़ से निपटने को तैयार:चौकियां स्थापित, राहत सामग्री का टेंडर पूरा; एंटी स्नेक वेनम भी उपलब्ध


मऊ जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने बताया कि जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है, जहां से नदियों के जलस्तर की प्रतिदिन तीन से चार बार निगरानी की जा रही है। डीएम के अनुसार, जिले की सभी बाढ़ चौकियां स्थापित कर दी गई हैं। बाढ़ राहत सामग्री किट का टेंडर फाइनल हो चुका है, जबकि राहत शिविरों में साफ-सफाई और शौचालय की व्यवस्था के लिए टेंडर अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा दोहरीघाट और मधुबन क्षेत्र में प्रस्तावित दोनों सुरक्षात्मक कार्य समय पर पूरे कर लिए गए हैं और उनका निरीक्षण भी हो चुका है। प्रशासन को नेपाल में हो रही बारिश और नदियों के जलस्तर की लगातार पूर्व सूचना मिल रही है, जिससे समय रहते प्रभावी तैयारियां की जा सकें। आपात स्थिति में राहत कार्य शुरू करने के आदेश जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि फ्लड पीएसी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ से समन्वय स्थापित कर लिया गया है। संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर पका हुआ भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। जिन गांवों का संपर्क बाढ़ के कारण कट जाएगा, वहां खाद्यान्न, मेडिकल किट और पशुओं के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। डीएम ने यह भी बताया कि सर्पदंश और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटी स्नेक वेनम और एंटी रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध करा दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर चिकित्सकों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *