नितिन कुमार अवस्थी | मिर्जापुर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मिर्जापुर में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मंडल स्तरीय कार्यकर्ता समीक्षा बैठक सोमवार को राजापुर स्थित रमैया गार्डन में संपन्न हुई। इस बैठक में मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही जिलों की जिला, विधानसभा, सेक्टर और बूथ स्तरीय संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक के मुख्य अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य दिनेश चंद्रा ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देशानुसार, गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का अभियान प्रारंभ हो गया है।
दिनेश चंद्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2007 की तर्ज पर 2027 में भी बसपा उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि जनता आज भी मायावती सरकार के सुशासन, सख्त कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को याद करती है। उन्होंने यह भी कहा कि बसपा की नीतियां समाज के गरीब, शोषित, वंचित, दलित और सर्वसमाज के हितों को ध्यान में रखकर तैयार की जाती हैं।

चंद्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित अन्य दलों ने बसपा को राजनीतिक रूप से कमजोर करने के लिए सुनियोजित प्रयास किए हैं। हालांकि, उन्होंने जोर दिया कि पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण के कारण बसपा लगातार मजबूत होकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों व उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
इस बैठक में मुख्य मंडल प्रभारी अमरजीत गौतम, पन्ना लाल भारती और मंडल संयोजक गुड्डू राम सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में मिर्जापुर जिलाध्यक्ष अलगू राम भारती, सोनभद्र जिलाध्यक्ष रामचंद्र रत्ना, भदोही जिलाध्यक्ष जेपी चौधरी, जिला उपाध्यक्ष सद्दाम राईन, महेश कुमार, कुंज बिहारी, नंदलाल भारती, शिवजोर पाल, रामप्रकाश पटेल, चंद्रशेखर भारती, संजय कुमार गौतम, डीसी गौतम, डॉ. बुधीराम, प्रमोद कुमार, राजू, बीना, मुक्तेश्वर कुशवाहा समेत तीनों जनपदों के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
