कांवड़ यात्रा की तैयारी पर कमिश्नर-डीआईजी बदायूं पहुंचे:देर रात तक दिए सुरक्षा और व्यवस्था के निर्देश, बोले- घाट पर नहीं रहना चाहिए अंधेरा


बदायूं में आषाढ़ अमावस्या गंगा स्नान और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी और डीआईजी बरेली रेंज अजय साहनी ने सोमवार शाम करीब सात बजे कछला गंगा घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक घाट, पार्किंग, बैरिकेडिंग और कांवड़ मार्ग का पैदल निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बिजली जाने पर जनरेटर से रोशनी करने के निर्देश मंडलायुक्त और डीआईजी ने नगर पंचायत को निर्देश दिए कि गंगा घाट पर किसी भी स्थिति में अंधेरा नहीं होना चाहिए। यदि बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो तत्काल जनरेटर के माध्यम से प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही घाट से लेकर जिले की सीमा तक पुलिस और पीएसी की पर्याप्त तैनाती करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने आवश्यकता पड़ने पर रेंज स्तर से अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। पार्किंग, कंट्रोल रूम और चिकित्सा सुविधाओं की भी समीक्षा अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थलों, कंट्रोल रूम, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं और यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग केवल चिन्हित स्थानों पर कराई जाए तथा भीड़ को निर्धारित स्नान घाटों तक ही सीमित रखा जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। महिला सुरक्षा और ड्रोन निगरानी पर विशेष जोर महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। कांवड़ यात्रा को देखते हुए डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रखने, कांवड़ियों के निर्बाध आवागमन और मार्ग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप ही किया जाएगा। पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखने के निर्देश देते हुए अधिकारियों ने कहा कि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *