![]()
संभल में आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में यह बैठक सोमवार शाम 7 बजे शुरू हुई और दो घंटे तक चली। इसका मुख्य उद्देश्य जनपद में शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में कांवड़ यात्रा संपन्न कराना है। उक्त शांति समिति की बैठक जनपद संभल के जिला कलेक्टर सभागार बहजोई में हुई। इसमें पूरे जनपद के अधिकारी और कांवड़ यात्रा से जुड़े लोग शामिल हुए। डीएम और एसपी ने धर्मगुरुओं तथा डीजे संचालकों से यात्रा को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने सभी से अफवाहों पर ध्यान न देने, प्रशासन का सहयोग करने और निर्धारित मार्ग व समय का पालन करने को कहा।अधिकारियों ने डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार करने के निर्देश दिए। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री प्रसारित न करने की भी अपील की गई। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि पुलिस प्रशासन सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कड़ी नजर रखेगा। संभल शहर सहित पूरे जिले से होकर गुजरने वाले कांवड़ियों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आपत्तिजनक पोस्ट करने या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बैठक में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, संभल एसडीएम निधि पटेल, गुन्नौर एसडीएम विकास चंद्र, चंदौसी एसडीएम नीतू रानी, डिप्टी कलेक्टर आशुतोष तिवारी, रामानुज, अवधेश कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, सीओ संभल कुलदीप कुमार, चंदौसी सीओ विवेक जावला, गुन्नौर सीओ अंकित मिश्रा, असमोली सीओ अमन सिंह, बहजोई सीओ स्तुति सिंह और सभी थानों के एसएचओ-एसओ सहित जनपद के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
संभल में धर्मगुरुओं के साथ कांवड़ यात्रा की बैठक:एसपी बोले- मानक से डीजे साउंड और ध्वनि यंत्र बजेंगे, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई