![]()
मुरादाबाद में भांतू कालोनी के विकास के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने विस्तृत रूपरेखा तैयार की है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भांतू कॉलोनी के समग्र विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि भातू कॉलोनी में स्थित विद्यालय का विकास पीएमश्री विद्यालय की तर्ज पर किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भातू कॉलोनी में प्रत्येक माह नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं तथा पात्र व्यक्तियों को सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लोगों के हेल्थ कार्ड तथा बैंक खाते भी शत-प्रतिशत खोले जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि भातू कॉलोनी में ग्राम कुल की तर्ज पर वार्ड कुल का गठन किया जाएगा, जिसमें सरकारी कर्मचारी, संभ्रांत नागरिक, सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाए। यह व्यवस्था योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान में सहायक होगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धावस्था पेंशन, स्वयं सहायता समूह, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, दिव्यांग पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार को भातू कॉलोनी की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही कॉलोनी में लाइब्रेरी एवं अभ्युदय कोचिंग के संचालन की दिशा में प्रभावी कार्यवाही करने पर बल देते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने भातू एवं हबूड़ा बस्ती के बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए जिला क्रीड़ा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सहायक निदेशक सेवायोजन को निर्देशित किया कि इन परिवारों के 18 वर्ष से अधिक आयु के युवक-युवतियों को कौशल विकास एवं रोजगार से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में सेवायोजित कराया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार, एसीएमओ संजीव बेलवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
भांतू कालोनी का समग्र विकास होगा:DM ने कहा- हर महीने स्वास्थ्य शिविर लगेंगे,पात्रों को योजनाओं का शतप्रतिशत लाभ मिलेगा