![]()
जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रत्येक प्रार्थना पत्र का स्वयं अवलोकन किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, विद्युत, नगर निकाय, विकास, समाज कल्याण, पेयजल, सड़क और पेंशन सहित अन्य विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ लिया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में अधिकारी जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मामलों का समाधान मौके पर ही संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए। वहीं, जिन प्रकरणों में स्थलीय जांच आवश्यक हो, उनमें निर्धारित समय के भीतर निष्पक्ष जांच पूरी कर नियमानुसार शिकायतकर्ता को राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब, लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की गई।
Source link
जालौन डीएम ने जनसुनवाई में सुनीं फरियादियों की समस्याएं:निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करने के दिए निर्देश