नोएडा में स्कॉर्पियो के अंदर मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव:ड्राइवर सीट पर खून से लथपथ मिले, पास में पड़ा था तमंचा; जांच में जुटी पुलिस


ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात सड़क किनारे खड़ी एक स्कॉर्पियो कार के अंदर एक प्रॉपर्टी डीलर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक चालक सीट पर खून से लथपथ पड़ा था और उसके पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस फिलहाल हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, सूरजपुर थाना क्षेत्र के डेल्टा-3 के ओ ब्लॉक स्थित सर्विस रोड पर रविवार देर रात पुलिस की लेपर्ड टीम गश्त कर रही थी। साइ मंदिर गोल चक्कर से डेल्टा-3 तिराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर एक स्कॉर्पियो संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। कार की आगे और पीछे की लाइटें जल रही थीं, लेकिन काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई। पुलिसकर्मी ने चालक को आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद जब पुलिस ने कार का दरवाजा खोला, तो चालक सीट पर बैठे युवक के शरीर से खून बह रहा था और उसके पास एक तमंचा पड़ा मिला। पुलिस ने तत्काल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक विशेषज्ञ और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, ब्लड सैंपल और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। सेंट्रल जोन के एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान 36 वर्षीय सरोज पुत्र प्रेमराज के रूप में हुई है। वह मूलरूप से दिल्ली के जुमरथपुर गांव का निवासी था और वर्तमान में सूरजपुर स्थित मिशन ग्रीन सोसाइटी में रहता था। पुलिस के अनुसार, सरोज प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़ा हुआ था। उसकी शादी सात साल पहले हुई थी और उसके परिवार में एक पत्नी और एक छोटी बच्ची है। पुलिस इस मामले में सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *