सुल्तानपुर में सड़क हादसा, एक परिवार के तीन घायल:ई-रिक्शा से बचने में कार पेड़ से टकराई, धम्मौर से प्रयागराज जा रहे थे


सुल्तानपुर में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। यह दुर्घटना धम्मौर थाना क्षेत्र के महेशरगंज पुलिया के पास हुई, जहां एक बोलेरो ई-रिक्शा से बचने के प्रयास में सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। घायलों की पहचान राहुल कुमार गुप्ता, उनके पिता राकेश गुप्ता और माता सरोज देवी के रूप में हुई है। राहुल के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर आया है। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। पीड़ित राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि वे अपनी कार से लगभग 40 किमी/घंटा की रफ्तार से जा रहे थे। इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक ने गलत तरीके से ओवरटेक करने का प्रयास किया। ई-रिक्शा से बचने के प्रयास में उनकी कार सड़क किनारे एक पेड़ के ठूंठ से टकरा गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। राहुल कुमार गुप्ता मूल रूप से चंडीगढ़ के निवासी हैं, लेकिन उनका पैतृक गांव धम्मौर (सुल्तानपुर) है। वे अपने गांव धम्मौर से प्रयागराज जा रहे थे, जहां उन्हें अपनी साली के एक पारिवारिक समारोह में शामिल होना था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी ई-रिक्शा चालक को हिरासत में ले लिया है और उसका नाम, पता तथा अन्य विवरण दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा को भी जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *