![]()
चित्रकूट के मानिकपुर क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद के बाद एक पिता ने अपने दो बच्चों के साथ कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। तीनों को गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार, मानिकपुर थाना क्षेत्र के सरहट गांव निवासी शिवचंद केसरवानी (40) ने शुक्रवार को अपनी 11 वर्षीय पुत्री रूपाली को मोबाइल चलाते देख डांट दिया और थप्पड़ मार दिया था। इस बात पर उनकी पत्नी वंदना नाराज हो गईं, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। यह अनबन शनिवार तक बनी रही। रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे शिवचंद अपनी पुत्री रूपाली (11) और पुत्र मानस (8) को साथ लेकर घर से निकल गए। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। लगभग नौ घंटे बाद तीनों खंभेसुर के जंगल में एक नाले के किनारे बेहोशी की हालत में मिले। आशंका है कि पिता ने पहले बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया और फिर स्वयं भी उसका सेवन कर लिया।
परिजन तत्काल तीनों को मानिकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में भी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने रविवार देर रात तीनों को बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज भेज दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि तीनों के स्वस्थ होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
चित्रकूट में पिता ने दो बच्चों संग खाया जहर:बेटी को मोबाइल चलाने से डांटने पर पत्नी से हुआ था विवाद, तीनों प्रयागराज रेफर