इटावा में कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव:गंध फैलते ही लोगों में मची अफरा-तफरी, फायर टीम की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा


इटावा के कचौरा घाट रोड स्थित एसबीएस कोल्ड स्टोरेज में रविवार शाम करीब 6 बजे अमोनिया गैस का रिसाव होने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गैस की तेज गंध फैलने से कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और समय रहते गैस रिसाव पर काबू पाकर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। फायर विभाग के अनुसार एसबीएस कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रिसाव की सूचना फायर कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन इटावा और सैफई से दो रेस्क्यू टेंडर समेत कुल पांच अग्निशमन वाहन तत्काल मौके के लिए रवाना किए गए। कुछ ही देर में दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लिया और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सतेंद्र पांडेय के निर्देशन में प्रशिक्षित अग्निशमन कर्मियों ने विशेष सुरक्षा उपकरण बीए (ब्रीदिंग अपरेटस) सेट पहनकर गैस रिसाव वाले स्थान तक पहुंच बनाई। टीम ने रिसाव कर रहे वाल्वों को सुरक्षित तरीके से बंद किया, जिससे अमोनिया गैस का रिसाव रुक गया। इसके बाद गैस के प्रभाव को कम करने और वातावरण को सुरक्षित बनाने के लिए प्रभावित क्षेत्र में लगातार पानी का छिड़काव किया गया। काफी देर तक चले अभियान के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य कर दी गई। सीएफओ सतेंद्र पांडेय ने बताया कि अमोनिया गैस का रिसाव समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना समाप्त हो गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घटना में किसी प्रकार की जनहानि, घायल होने या अन्य अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ और समन्वय के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *