सहारनपुर में रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या:अस्पताल में तोड़ा दम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपी की तलाश में दबिश


सहारनपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात करीब 12 बजे मामूली कहासुनी ने खूनी वारदात का रूप ले लिया। जोगियान पुल स्थित एसबीआई बैंक के सामने रिक्शा चालक की उसकी ही सवारी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल चालक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रसूलपुर स्थित दानिश कॉलोनी निवासी साहिद के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार साहिद रात करीब 9:30 बजे अपने रिक्शे में एक युवक को बैठाकर गंतव्य की ओर जा रहा था। रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि रिक्शे में बैठा युवक अचानक चाकू निकाल लाया और साहिद पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल साहिद को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। अस्पताल में ही साहिद ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एसपी सिटी व्योम बिंदल का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *