रामपुर में किसान की धारदार हथियार से हत्या:हमलावरों ने काट डाला दाहिना हाथ, दूसरे मकान में सो रहे थे अकेले


रामपुर के स्वार कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव शिवपुरी पिस्तौर के मजरा मंडिया भज्जन में एक किसान की हत्या कर दी गई। 50 वर्षीय किसान बालकराम (पुत्र चौखे लाल) की धारदार हथियार से गला रेतकर और वार कर मार डाला। हमलावरों की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने किसान के दाहिने हाथ पर इतनी ताकत से वार किया कि हाथ लगभग पूरा कट गया। घटना रविवार रात 8:30 बजे की है। परिजनों ने बताया कि बालकराम रविवार को दिनभर अपने खेतों में काम करने के बाद शाम को गांव में ही बने अपने दूसरे मकान में सोने चले गए थे। वह वहाँ अकेले ही रहते थे। देर शाम जब परिवार का कोई सदस्य उन्हें देखने के लिए उस मकान पर पहुंचा, तो अंदर का नजारा देखकर उसकी चीख निकल गई। कमरे के भीतर बालकराम का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव घटना के वक्त घर में कोई और मौजूद नहीं था, जिसके चलते हमलावर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (CO) सोनम सिंह, प्रभारी निरीक्षक अनुपम शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल को सील कर फोरेंसिक टीम को बुलाया। फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने फिंगरप्रिंट्स और अन्य जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। स्वार के सीओ सोनम सिह ने बताया- प्रथम दृष्टया यह मामला पूरी तरह से हत्या का है। घटनास्थल से सभी महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। पुलिस की टीमें हर संभावित पहलू पर गहनता से जांच कर रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हमलावरों की तलाश और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में तनाव, पुलिस फोर्स तैनात इस वीभत्स हत्याकांड के बाद से ही मंडिया भज्जन गांव में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पुरानी रंजिश, जमीनी विवाद और आपसी दुश्मनी समेत तमाम कोणों से मामले की तफ्तीश में जुटी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *