जयमाला के बाद दुल्हन के मोबाइल पर आया मैसेज,शादी टूटी:मारपीट और हंगामे में दूल्हे के मामा को हार्ट अटैक, बिना फेरों के लौट गई बारात


शामली के एक मैरिज होम में शनिवार रात करीब 1 बजे जयमाला की रस्म के बाद दुल्हन के मोबाइल पर आए एक मैसेज से शादी टूट गई। मैसेज को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। वहीं हंगामे के दौरान दूल्हे के मामा और शादी के बिचौलिए को हार्ट अटैक आ गया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया। दूल्हा पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। दुल्हन ने शादी से किया इनकार घटना आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित द एवेन्यू मैरिज होम की है। यहां मुजफ्फरनगर की युवती और शामली के युवक का विवाह समारोह चल रहा था। दोनों पक्षों की मौजूदगी में जयमाला की रस्म हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो चुकी थी। इसी दौरान मंच पर बैठे दुल्हन के मोबाइल फोन पर किसी युवक का मैसेज आया। दूल्हे ने मैसेज के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन दुल्हन संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर बाद दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन के फैसले के बाद दोनों परिवारों के बड़े-बुजुर्गों ने काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने निर्णय पर अड़ी रही। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और लात-घूंसों से मारपीट में बदल गई। बारातघर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दूल्हे के मामा को आया हार्ट अटैक विवाद को शांत कराने की कोशिश कर रहे दूल्हे के सगे मामा, जो इस रिश्ते के मुख्य बिचौलिए भी थे, अचानक सदमे में आ गए और उन्हें हार्ट अटैक पड़ गया। हंगामे के दौरान शादी के बिचौलिए की भी तबीयत बिगड़ गई। दोनों को तत्काल शहर के गंगा अमृत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया। विवाद के बाद शादी पूरी तरह टूट गई। फेरों की रस्म नहीं हो सकी और दोनों पक्ष अपने-अपने रिश्तेदारों के साथ वापस लौट गए। दूल्हा पक्ष का कहना है कि शादी की तैयारियों में लाखों रुपये खर्च हुए हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी हुआ है। दूल्हा पक्ष ने आदर्श मंडी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को सोमवार को थाने बुलाया गया है। सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *