![]()
कासगंज में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कासगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। सोरों पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में फरीदनगर कट के पास से 900 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक अर्टिगा कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान वाहन चेकिंग में संदिग्ध अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान कार से अफीम बरामद होने पर अभयपुरा निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ अजय, नगला बबूल निवासी अनिल और अहरौली निवासी पवन को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों के खिलाफ सोरों थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/18, 25 और 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अनिल और पवन के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, पॉक्सो एक्ट और अपहरण समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Source link
12 लाख की अफीम के साथ 3 अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार:कासगंज पुलिस ने 900 ग्राम अफीम, कार जब्त किए; दो पर कई केस दर्ज