![]()
मुज़फ़्फ़रनगर। जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से राज्य कर विभाग ने रविवार सुबह 10 बजे सिटी सेंटर स्थित विभागीय सभागार में व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में अधिकारियों ने साफ कहा कि प्रतिबंधित मांझे का निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पूरी तरह गैरकानूनी है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक शासन और मुख्यालय के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित की गई, जिसमें प्रतिबंधित सिंथेटिक मांझा, चाइनीज मांझा तथा शीशा लेपित डोरी से होने वाले हादसों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार का मांझा आम नागरिकों, दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और पशु-पक्षियों के लिए जानलेवा साबित होता है। कई बार इसकी वजह से गंभीर दुर्घटनाएं और मौत तक हो चुकी हैं। अधिकारियों ने व्यापारियों को उच्च न्यायालय के आदेशों की जानकारी देते हुए निर्देश दिए कि कोई भी व्यापारी प्रतिबंधित मांझे के कारोबार में शामिल न हो। साथ ही उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे स्वयं भी जागरूक रहें और अपने ग्राहकों तथा आम लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दें। बैठक के दौरान व्यापारियों ने भी अपनी बात खुलकर रखी। एक व्यापारी ने कहा कि बाजार में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए, लेकिन इसके साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से हो रही बिक्री पर भी प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। उनका कहना था कि कुछ लोग इंटरनेट के जरिए चाइनीज मांझा मंगाकर उसका उपयोग कर रहे हैं, जिससे लगातार हादसे सामने आ रहे हैं।
बैठक में व्यापारियों ने जीएसटी से जुड़ी अपनी विभिन्न समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। विभागीय अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया और शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। राज्य कर विभाग ने स्पष्ट किया कि जनहित और सुरक्षा को देखते हुए प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। यदि किसी व्यापारी के पास प्रतिबंधित मांझा पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मुजफ्फरनगर में चाइनीज मांझे पर सख्ती की तैयारी:व्यापारियों को प्रतिबंधित चाइनीज, सिंथेटिक और शीशा लेपित मांझे की बिक्री रोकने के निर्देश