महराजगंज के रिहायशी इलाके में मुर्गी फार्म तक पहुंचा तेंदुआ:शोर मचने पर जंगल की ओर भागा, दो दिन से दिख रहा मूवमेंट


महराजगंज में सोहगी बरवा वन्यजीव प्रभाग की पकड़ी रेंज के ग्राम कटहरा में रविवार सुबह एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस गया। तेंदुए के मुर्गी फार्म तक पहुंचने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुआ लमुहवा के किनारे स्थित एक मुर्गी फार्म में दाखिल हो गया था। फार्म के पास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ते ही शोर मच गया। लोगों की आवाज सुनकर तेंदुआ वहां से निकलकर जंगल की ओर भाग गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों से कटहरा, टोला रामनगर और आसपास के गांवों में तेंदुआ लगातार दिखाई दे रहा है। इसके चलते क्षेत्र में दहशत का माहौल है। शाम ढलते ही लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं, जबकि बच्चों को भी अकेले बाहर नहीं भेजा जा रहा। पशुपालकों में भी मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण बोले- गश्त बढ़ाकर तेंदुए को पकड़ें ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, तेंदुए की निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वन विभाग की अपील- तेंदुए को देखकर पास न जाएं वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि ग्रामीण अकेले खेत या जंगल की ओर न जाएं, बच्चों और मवेशियों पर विशेष नजर रखें तथा तेंदुए को घेरने या भगाने की कोशिश न करें। तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *