![]()
बरेली में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को दो नमकीन निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। जांच के दौरान एक फैक्ट्री में मई 2026 में एक्सपायर हो चुका पामोलीन ऑयल इस्तेमाल के लिए रखा मिला। टीम ने 89 टीन में रखा 1335 किलो पामोलीन ऑयल सीज कर दिया। इसकी अनुमानित कीमत 1.96 लाख रुपए बताई गई है। वहीं, मिलावट के शक में नमकीन का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है। आयुक्त और DM के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त और DM के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) राहुल सिंह के नेतृत्व में की गई। विभागीय टीम ने शहर की दो नमकीन निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान साफ-सफाई, कच्चे माल की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल की गई। एक्सपायर ऑयल मिलने पर टीम भी हुई सख्त
आलम फूड प्रोडक्ट निर्माण इकाई की जांच के दौरान टीम को मौके पर नमकीन बनाने के लिए रखा रिफाइंड पामोलीन ऑयल मिला। जब तेल के टीन पर एक्सपायरी डेट देखी गई तो पता चला कि वह मई 2026 में ही एक्सपायर हो चुका है। इसके बाद अधिकारियों ने पूरे स्टॉक की जांच शुरू कर दी। कारोबारी बोला- दो घंटे पहले ही आया था माल
कारोबारी ने अधिकारियों को बताया कि यह पामोलीन ऑयल उसे करीब दो घंटे पहले ही एक थोक विक्रेता ने सप्लाई किया था। उसने खरीद का बिल भी टीम को दिखाया। हालांकि, एक्सपायर खाद्य तेल मिलने के बाद विभाग ने इस दलील को जांच का विषय मानते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। नमकीन का सैंपल जांच के लिए भेजा
मिलावट की आशंका को देखते हुए टीम ने मौके पर तैयार नमकीन का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। अब लैब रिपोर्ट आने के बाद तय होगा कि उत्पाद खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 89 टीन तेल सीज, कोर्ट में होगा केस
निरीक्षण के दौरान मिले 89 टीन में कुल 1335 किलो पामोलीन ऑयल को एक्सपायर होने के कारण मौके पर ही सीज कर दिया गया। विभाग के अनुसार इस तेल की कीमत करीब 1,96,245 रुपए है। अधिकारियों ने बताया कि एक्सपायर खाद्य तेल मिलने के मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत सक्षम न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा। दोनों इकाइयों को दिया सुधार नोटिस
निरीक्षण के बाद दोनों नमकीन निर्माण इकाइयों को खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने साफ किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील सचान, इन्द्रजीत सिंह और तेज बहादुर सिंह मौजूद रहे।
Source link
बरेली में नमकीन फैक्ट्री पर FSDA का छापा:एक्सपायर पामोलीन ऑयल से बनाई जा रही थी नमकीन, 89 टीन सीज, नमकीन का सैंपल जांच के लिए भेजा