![]()
कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव स्थित एक मजार पर कथित धर्मांतरण के आरोप में चार मौलवियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने शनिवार को चंदन कुमार की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले 9 जुलाई को बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता शहजादपुर स्थित मजार पर पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने वहां कथित लव जिहाद और धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मजार पर तोड़फोड़ भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और पूछताछ के लिए मजार पर मौजूद चार मौलवियों को हिरासत में लिया था। बाद में पूछताछ के उपरांत उन्हें छोड़ दिया गया। घटना के बाद अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सिराथू तथा राजस्व विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। वहीं बजरंग दल के कार्यकर्ता भी अपनी शिकायत लेकर कोखराज थाने पहुंचे थे। बजरंग दल के जिला संयोजक धीरेंद्र सिंह ने दावा किया कि उनकी टीम पिछले छह माह से मजार पर कथित धर्मांतरण और लव जिहाद से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। शिकायतकर्ता चंदन कुमार ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि करीब दो माह पहले वह अपनी व्यक्तिगत समस्या के समाधान के लिए शहजादपुर स्थित सलारहाथन बाबा की मजार पर गए थे। वहां उनसे 500 रुपये लेकर झाड़-फूंक किया गया और एक बोतल पानी दिया गया। तहरीर के अनुसार, 9 जून को दोबारा मजार पहुंचने पर वहां मौजूद चार मौलवियों ने उनसे 5,000 रुपये की मांग की और कथित रूप से कहा कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान तभी होगा, जब वह इस्लाम धर्म स्वीकार करेंगे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्हें कलमा पढ़ने, उर्दू सीखने और अन्य धार्मिक प्रक्रियाएं अपनाने के लिए भी कहा गया। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी हिंदू संगठनों को दी। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी
Source link
धर्मांतरण के आरोप में 4 मौलवियों पर केस दर्ज:कौशांबी में मजार विवाद के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया था हंगामा